सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी लगाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
दो पक्षों के बीच हुए हिंसक झगड़े में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, खेत में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी।
आरोप है कि विवाद के बाद एक पक्ष के कुछ युवक गांव में एकत्रित हुए और दूसरे पक्ष के विनोद कुमार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य युवक भी बुरी तरह चोटिल हुए।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान विनोद कुमार ने दम तोड़ दिया। दो अन्य घायलों का उपचार जारी है।
घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए।
मुख्य हाईवे पर भी लोगों ने विरोध-प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई भी की जाए।
चूंकि मामला दो अलग-अलग समुदायों के युवकों के बीच का बताया जा रहा है, इसलिए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
देर रात तक स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए देहरादून जिले के विभिन्न थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही।
संवेदनशीलता को देखते हुए पीएसी बल को भी मौके पर बुलाया गया है।
स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि आपराधिक प्रवृत्ति के कुछ तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया है और दोषियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने पुलिस प्रशासन को आरोपियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
गांव और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।
पुलिस की जांच जारी है, घटना से जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।