Skip to content
उत्तरकाशी 24 मई 2026।
रात लगभग 21:00 बजे डीसीआर उत्तरकाशी के माध्यम से एस डी आर एफ टीम, उजेली को सूचना प्राप्त हुई कि,
उत्तरकाशी क्षेत्र में भागीरथी नदी के बीच बने एक टापू पर 2 व्यक्ति अचानक नदी का जलस्तर एवं तेज बहाव बढ़ जाने के कारण फंस गए हैं।
अंधेरा होने एवं नदी के तीव्र बहाव के चलते दोनों व्यक्ति स्वयं बाहर निकलने में असमर्थ थे।
सूचना प्राप्त होते ही एस डी आर एफ टीम बिना समय गंवाए आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल हेतु रवाना हुई।
मुख्य आरक्षी दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल स्थिति का आंकलन किया।
नदी का बहाव अत्यधिक तेज होने के साथ-साथ रात्रि का समय एवं सीमित दृश्यता रेस्क्यू अभियान को अत्यंत चुनौतीपूर्ण बना रहे थे।
एस डी आर एफ जवानों द्वारा अत्यंत सूझबूझ एवं पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए रोप रेस्क्यू तकनीक स्थापित की गई,
तथा लाइफ जैकेट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की सहायता से चरणबद्ध तरीके से नदी के बीच बने टापू तक पहुंच बनाई गई।
कठिन एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बीच एस डी आर एफ टीम उन दोनों व्यक्तियों तक पहुंचने में सफल रही, जो काफी समय से सहायता की प्रतीक्षा कर रहे थे।
रेस्क्यू टीम द्वारा दोनों व्यक्तियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण पहनाकर सुरक्षित तरीके से नदी की मुख्य धारा से बाहर निकाला गया।
सफल रेस्क्यू के उपरांत दोनों फंसे हुए व्यक्तियों की पहचान कृष्णा दुबे (24 वर्ष) एवं कृष्णा माली (24 वर्ष), निवासी मलाड, मुंबई के रूप में हुई है।
दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर आवश्यक सहायता प्रदान की गई।
आमजन से अपील की कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारों पर जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत एसडीआरएफ/पुलिस को सूचित करें।