Headlines

Competition:- 2027 महिला क्रिकेट चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा भारत, मुंबई और वडोदरा में होंगे मुकाबले

नई दिल्ली 02 सितंबर 2026।

भारत को 2027 में आयोजित होने वाली पहली महिला क्रिकेट चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मिली है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 14 से 28 फरवरी 2027 तक मुंबई और वडोदरा में आयोजित किया जाएगा।

आईसीसी के अनुसार, टूर्नामेंट के मुकाबले मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआई) और वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

महिला क्रिकेट के इतिहास में पहली बार आयोजित हो रही इस चैंपियंस ट्रॉफी में दुनिया की छह शीर्ष टीमें हिस्सा लेंगी।

प्रतियोगिता में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की टीमें मैदान में उतरेंगी।

इन टीमों का चयन 6 जुलाई 2026 की आईसीसी महिला टी-20 रैंकिंग के आधार पर किया गया है।

टूर्नामेंट का प्रारूप राउंड रॉबिन होगा, जिसमें सभी छह टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी।

लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाली टीमें 28 फरवरी को फाइनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी।

गौरतलब है कि महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी पहले श्रीलंका को सौंपी गई थी, लेकिन वहां क्रिकेट प्रशासन में चल रहे सुधारों और अन्य व्यवस्थागत कारणों के चलते आईसीसी ने आयोजन स्थल बदलने का निर्णय लिया।

इसके बाद भारत, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका ने मेजबानी के लिए दावेदारी पेश की थी, जिसमें भारत को मेजबान चुना गया।

आईसीसी चेयरमैन  जय शाह ने कहा कि महिला चैंपियंस ट्रॉफी महिला क्रिकेट के विकास में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष एक बड़ा आईसीसी महिला टूर्नामेंट आयोजित होने से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक अवसर मिलेंगे और महिला क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

आईसीसी ने बताया कि टूर्नामेंट की विस्तृत मैच सूची और टिकट बिक्री से जुड़ी जानकारी जल्द जारी की जाएगी।

भारत में होने जा रहे इस आयोजन से महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयां मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *