रुद्रप्रयाग में वर्तमान में हो रही लगातार वर्षा एवं अतिवृष्टि के दृष्टिगत जिला प्रशासन पूर्णतः सतर्क एवं सक्रिय मोड में कार्य कर रहा है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र के माध्यम से सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट,
एवं सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहते हुए निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी अपने क्षेत्रान्तर्गत संवेदनशील,
एवं भूस्खलन संभावित स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी प्रकार की जोखिमपूर्ण स्थिति से पूर्व ही आवश्यक एहतियाती कदम उठाएं।
वर्षा, हिमपात, मार्गों की स्थिति, आवागमन में बाधाएं एवं यात्रियों की गतिविधियों से संबंधित अद्यतन जानकारी समय-समय पर जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र,
तथा यात्रा कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है,
ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित निर्णय एवं कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया है कि आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों एवं वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर अस्थायी रूप से रोका जाए,
जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव किया जा सके।
साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए सूचना बिना विलंब डीईओसी को प्रेषित की जाए।
सभी सेक्टर अधिकारियों को पुलिस,एस डी आर एफ,डी डी आर एफ,व्हाई एम एफ एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं,
ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
जिलाधिकारी ने पुनः दोहराया है कि जनहित एवं यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जा रहे हैं।
यात्रा मजिस्ट्रेट (जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग) एवं तहसीलदार बसुकेदार को समस्त सेक्टर अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने हेतु निर्देशित किया गया है।