मौसम विभाग ने उत्तराखंड के आठ जिलों के लिए अगले तीन से चार घंटों के दौरान ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यह चेतावनी 16 जुलाई सुबह 6:02 बजे से 9:31 बजे तक प्रभावी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़,
टिहरी गढ़वाल और ऊधम सिंह नगर जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज़ से बहुत तेज़ बारिश तथा आंधी-तूफान आने की भी आशंका जताई गई है।
विभाग ने विशेष रूप से डोईवाला, ऋषिकेश, रायवाला, रामनगर, हल्द्वानी, खटीमा,
लोहाघाट और घनसाली सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम के अचानक बिगड़ने की संभावना व्यक्त की है।
इस दौरान बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा नदी-नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
प्रशासन और संबंधित विभागों को भी संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन,
एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।