Headlines

Free Online Coaching:- मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग

देहरादून, 07 सितम्बर 2026।

उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए नई सुविधा मिलने जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को राज्य की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ करेंगे।

इस योजना के तहत प्रदेश के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

राज्य सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को समान अवसर प्रदान करना है,

ताकि संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभाशाली छात्र के सपनों में बाधा न बने।

योजना के माध्यम से युवाओं को विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन में घर बैठे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का अवसर मिलेगा।

योजना के अंतर्गत राज्य के विश्वविद्यालयों, शासकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन कोचिंग प्रदान की जाएगी।

इसमें संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), राज्य लोक सेवा आयोग, संयुक्त रक्षा सेवा (CDS), बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग (SSC) जैसी परीक्षाएं शामिल हैं।

इसके अलावा CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी विशेष अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

सरकार का मानना है कि यह योजना विशेष रूप से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।

अब विद्यार्थियों को महंगी कोचिंग और बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

वे अपने घर या कॉलेज से ही ऑनलाइन माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और परीक्षा मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो प्रदेश के युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने में मदद करेगी।

इस योजना के शुभारंभ के साथ ही उत्तराखंड में डिजिटल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षा तैयारी के क्षेत्र में एक नई शुरुआत होने जा रही है, जिससे हजारों युवाओं को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें:   Encroachment:- गो हत्यारों और नशा तस्करों के घरों पर चला धामी का बुलडोजर, सरकारी भूमि पर किया हुआ था अतिक्रमण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *