नगर निगम की बोर्ड बैठक में पारित निर्णय एवं पार्षदों के सुझावों के अनुसार नगर आयुक्त नमामी बंसल (IAS) के निर्देशों के क्रम में नगर निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर ठोस अपशिष्ट संग्रहण प्रणाली को और अधिक प्रभावी,
पारदर्शी एवं जन-सहभागिता आधारित बनाने के उद्देश्य से यूज़र चार्ज संग्रहण का महत्वपूर्ण दायित्व अब स्वयं सहायता समूहों एवं डोर टू डोर सुपरवाइजरों की निगरानी में संयुक्त रूप से कार्य सौंपा गया है।
यह निर्णय स्थानीय स्तर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने तथा शहर में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम है।
नगर निगम के कुल 100 वार्डों में से 57 वार्डों में यूज़र चार्ज संग्रहण की जिम्मेदारी विभिन्न स्वयं सहायता समूहों को दी गई है एवं कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं।
25 वार्डों में सनलाइट वेस्ट मैनेजमेंट द्वारा कूड़ा उठान एवं यूजर चार्ज संग्रहण का कार्य किया जा रहा है।
शेष 15 वार्डों में एन०जी०ओ द्वारा कूड़ा उठान एवं यूजर चार्ज संग्रहण का कार्य किया जा रहा है।
वार्डों का आवंटन SHG की उपलब्धता, स्थानीय पहुंच, भौगोलिक स्थिति तथा संचालन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
प्रत्येक एसएचजी को अपने आवंटित वार्ड में पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ डोर-टू-डोर संग्रहण कार्य करना होगा।
SHG अपने आवंटित वार्डों में स्थित सभी आवासीय घरों, तथा सभी वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों से तिमाही आधार पर यूज़र चार्ज संग्रहित करेंगी।
प्रारंभिक चरण में जुलाई, अगस्त एवं सितंबर 2025 माह का यूज़र चार्ज एकत्र किया जा रहा है।
एसएचजी को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रत्येक पात्र उपभोक्ता से निर्धारित शुल्क समय पर और व्यवस्थित तरीके से वसूला जाए।
एसएचजी द्वारा संग्रहित यूज़र चार्ज की संपूर्ण राशि को निर्धारित समय सीमा के भीतर नगर निगम कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।
नगर निगम कार्यालय में सभी एसएचजी की जमा राशि, संग्रहण पंजी, उपभोक्ता विवरण, तथा रसीद जारी करने से संबंधित अभिलेख की सही एवं पारदर्शी तरीके से संधारण किया जाएगा।
नगर निगम की नीति के अनुसार, एसएचजी को उनके द्वारा की जा रही सेवाओं के लिए संग्रहित यूज़र चार्ज की कुल राशि में से 25% राशि सेवा शुल्क के रूप में प्रदान की जाएगी।
यह प्रोत्साहन राशि SHG को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य करने के लिए प्रेरित करने हेतु दी जा रही है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य है, शहर में स्वच्छता प्रबंधन को सुदृढ़ करना, महिलाओं के नेतृत्व को बढ़ावा देना,
राजस्व संग्रहण प्रणाली में पारदर्शिता स्थापित करना, और जनता को बेहतर स्वच्छता सेवाएँ उपलब्ध कराना।
नगर निगम देहरादून आम नागरिकों से अपील करता है कि वे इस व्यवस्था में सहयोग करते हुए अपनी निर्धारित यूज़र चार्ज राशि समय पर अवश्य जमा करें तथा स्वच्छ देहरादून के निर्माण में योगदान दें।