जनपद देहरादून में घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शनों की ई-केवाईसी प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
भारत सरकार की ओर से ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि पहले 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी,
लेकिन उपभोक्ताओं को एक और अवसर देते हुए अब अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 कर दी गई है।
जिला पूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील की है।
जनपद देहरादून में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें से अब तक 5,57,546 उपभोक्ताओं ने अपनी ई-केवाईसी पूरी कर ली है,
जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी बाकी है। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं में 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं।
तीन तरीकों से करा सकते हैं ई-केवाईसी
गैस उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ई-केवाईसी कराने के तीन सरल माध्यम उपलब्ध हैं। उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार इनमें से किसी भी माध्यम का इस्तेमाल कर सकते हैं।
पहला, संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर ई-केवाईसी कराई जा सकती है।
दूसरा, घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वाले डिलीवरी कर्मी के पास उपलब्ध मोबाइल एप और बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से ई-केवाईसी कराई जा सकती है।
तीसरा, उपभोक्ता संबंधित तेल विपणन कंपनी के अधिकृत मोबाइल एप को डाउनलोड कर स्वयं भी ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं।
इसके लिए इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस की अधिकृत एप का उपयोग किया जा सकता है।
23 अगस्त के बाद प्रभावित हो सकती है गैस आपूर्ति
जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने सभी घरेलू गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि,
वे समय रहते अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें, ताकि घरेलू एलपीजी सेवाओं का निर्बाध लाभ मिलता रहे।
उन्होंने बताया कि 23 अगस्त 2026 तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू गैस आपूर्ति बाधित हो सकती है।
और उन्हें गैस व्यावसायिक दरों पर उपलब्ध होगी। ऐसे में उपभोक्ताओं के पास ई-केवाईसी पूरी कराने के लिए सीमित समय बचा है।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कराएं।