जिलाधिकारी देहरादून के निर्देश पर मिली शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने ग्राम सोडा सिरौली में घरेलू गैस वितरण वाहन की जांच की।
जांच के दौरान ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून की वितरण गाड़ी में रखे चार घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकाले जाने का मामला सामने आया।
मामले में गैस वितरण वाहन को जब्त कर संबंधित कर्मचारियों और गैस एजेंसी के खिलाफ थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शिकायत मिलने के बाद क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट को मौके पर जांच के लिए भेजा गया।
जांच के दौरान वाहन में कुल 26 घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए।
इनमें से चार सिलेंडरों से लगभग एक किलो से लेकर 6.5 किलो तक गैस निकाली जा चुकी थी, जबकि शेष 22 सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए मिले।
जांच के दौरान स्थानीय लोगों ने भी आरोप की पुष्टि करते हुए बताया कि,
गैस वितरण कर्मियों द्वारा कथित तौर पर सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकाली जा रही थी।
स्थानीय लोगों की ओर से इस संबंध में वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराया गया। मौके से गैस स्थानांतरण में इस्तेमाल किया जा रहा रिफिलर भी बरामद किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय टीम ने गैस वितरण वाहन को तत्काल जब्त कर विधिक कार्रवाई शुरू की।
संबंधित कर्मचारी जयप्रकाश पुत्र प्रेमशंकर एवं रटनेश चंद्रपाल पुत्र के खिलाफ तथा ऑर्डिनेंस गैस सेवा,
रायपुर, देहरादून के विरुद्ध थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विभाग के अनुसार, बरामद सभी 26 घरेलू गैस सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा करा दिया गया है, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जांच दल में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट और पूर्ति सहायक विजय शामिल रहे।
जिला पूर्ति अधिकारी देहरादून के.के. अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले,
व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कड़ी और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस वितरण व्यवस्था में अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।