Headlines

Four Dead:-पिकअप का टायर निकलने से अनियंत्रित हुआ वाहन, ईको वैन से टक्कर चार की मौत, तीन घायल

देहरादून 19 अगस्त 2026।

डोईवाला क्षेत्र में मणिमाई मंदिर के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया।

देहरादून की ओर से आ रहे पिकअप वाहन का पिछला टायर अचानक निकल जाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से जा टकराया।

इसी दौरान पीछे से आ रही ईको वैन भी अनियंत्रित होकर पिकअप वाहन से जा भिड़ी। हादसे में दोनों वाहनों में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

उपचार के दौरान चार घायलों की मौत हो गई, जबकि तीन घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली डोईवाला और चौकी हर्रावाला से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य व्यक्तियों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पिकअप का टायर निकलने से हुआ हादसा-

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन देहरादून की ओर से आ रहा था। मणिमाई मंदिर के पास अचानक वाहन का पिछला टायर निकल गया।

इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गया।

इसी दौरान पीछे से आ रही ईको वैन कार संख्या एचआर-12-ए-8730 भी अनियंत्रित होकर पिकअप से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में मृतकों की पहचान नरेश पुत्र महावीर, निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक, हरियाणा, उम्र करीब 42 वर्ष तथा विनोद निवासी रोहतक, हरियाणा के रूप में हुई है।

इसके अलावा गंभीर रूप से घायल दो अन्य व्यक्तियों की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

पुलिस द्वारा सभी मृतकों की पहचान और हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

हादसे में घायल विपेंद्र सिंह पुत्र रामबरन सिंह, निवासी रेलवे रोड, हरियाणा, उम्र करीब 35 वर्ष तथा विक्की पुत्र रामभरोसे, निवासी ग्राम गिन्नौर, बदायूं, उत्तर प्रदेश का उपचार चल रहा है।

तीसरे घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में जॉली ग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार हादसा अचानक हुआ और कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के साथ ही वे बेहोशी की स्थिति में थे।

इसके चलते सभी घायलों और मृतकों की तत्काल पहचान नहीं हो सकी। पुलिस उनकी पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास में जुटी है।

हादसे से मचा हड़कंप मणिमाई मंदिर के पास अचानक हुए इस भीषण हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।

हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर पिकअप वाहन का पिछला टायर निकलना दुर्घटना का मुख्य कारण सामने आया है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें:   Instruction:- सीमाद्वार में जलभराव पर डीएम सख्त, नगर निगम को 24 घंटे में सफाई और डिवाटरिंग के निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *