उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड में कार्मिक हितों से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए प्रबंध निदेशक ने रविवार को अवकाश के दिन विशेष बैठक आयोजित कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य मानव संसाधन अनुभाग में लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाना तथा कार्मिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में मानव संसाधन अनुभाग की ओर से अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) आर. जे. मलिक ने कार्मिकों से संबंधित विभिन्न लंबित मामलों को प्रबंध निदेशक के समक्ष प्रस्तुत किया।
इस दौरान प्रबंध निदेशक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रत्येक प्रकरण की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।
प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट कहा कि कार्मिकों से जुड़े मामलों के समाधान में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर उन्हें समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्यों की प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि अवकाश के दिन बैठक आयोजित करने का उद्देश्य केवल इतना है कि कर्मचारियों से जुड़े मामलों के समाधान की प्रक्रिया को गति दी जा सके और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित हो।
बैठक के दौरान मानव संसाधन अनुभाग के अधिकारियों ने विभिन्न लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति से प्रबंध निदेशक को अवगत कराया।
साथ ही प्रत्येक मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश प्राप्त किए गए।
यूपीसीएल प्रबंधन ने दोहराया कि निगम उपभोक्ता सेवा के साथ-साथ अपने कार्मिकों के हितों के संरक्षण और उनके मामलों के पारदर्शी एवं त्वरित निस्तारण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस दिशा में भविष्य में भी नियमित समीक्षा और प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।