Headlines

Moist:- 16 साल तक पढ़ाया गणित, विदाई में रो पड़े छात्र-छात्राएं; शिक्षक लखेड़ा को नम आंखों से दी विदाई

चकराता 11 सितंबर 2026।

राजकीय इंटर कॉलेज क्वानू में शुक्रवार को आयोजित विदाई समारोह उस समय बेहद भावुक हो गया,

जब विद्यालय में करीब 16 वर्षों तक सेवाएं देने वाले गणित शिक्षक ओम प्रकाश लखेड़ा के स्थानांतरण पर छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों की आंखें नम हो गईं।

अपने प्रिय शिक्षक को विदा करते समय कई छात्राएं भावुक होकर रो पड़ीं, जबकि साथी शिक्षक और अतिथि शिक्षक भी अपनी भावनाओं को नहीं रोक सके।

वर्ष 2010 में राजकीय इंटर कॉलेज क्वानू में सहायक अध्यापक (गणित) के पद पर नियुक्त हुए,

ओम प्रकाश लखेड़ा ने अपने कार्यकाल के दौरान न केवल विद्यार्थियों को गणित जैसे विषय को सरल और रोचक तरीके से पढ़ाया,

बल्कि उनके शैक्षिक, नैतिक और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उनकी मेहनत और समर्पण के कारण विद्यालय के अनेक विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल की।

विदाई समारोह में विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि लखेड़ा सर हमेशा उन्हें एक शिक्षक ही नहीं,

बल्कि अभिभावक की तरह मार्गदर्शन देते रहे। उनके स्नेह, अनुशासन और प्रेरणा को वे कभी नहीं भूल पाएंगे।

जैसे-जैसे विदाई का समय नजदीक आया, विद्यालय परिसर का माहौल भावुक होता चला गया और कई छात्राओं की आंखों से आंसू छलक पड़े।

विद्यालय परिवार की ओर से ओम प्रकाश लखेड़ा को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य संजय मौर्य ने कहा कि लखेड़ा का विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी कमी विद्यालय परिवार को हमेशा महसूस होगी।

स्थानांतरण के बाद अब ओम प्रकाश लखेड़ा राजकीय इंटर कॉलेज छरबा में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

विद्यालय परिवार ने उन्हें नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी।

विदाई समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षक, अतिथि शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *