सेलाकुई थाना पुलिस ने स्कूटी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली है।
आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने खर्चों और महंगे शौकों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को गौतम पुत्र पवन कुमार निवासी बदरपुर, पांवटा साहिब (जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश) ने थाना सेलाकुई में शिकायत दर्ज कराई थी कि,
उनकी स्कूटी एक्टिवा संख्या HP-17E-2855 को सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र स्थित कृष कंपनी के पास से अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है।
शिकायत के आधार पर थाना सेलाकुई में मु0अ0सं0 137/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक टीम का गठन किया।
टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 10 सितंबर 2026 को मिलन चौक से नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील सिंह कुंवर (22 वर्ष) पुत्र हरि सिंह कुंवर निवासी ग्राम लंगसी, थाना जोशीमठ, जिला चमोली के रूप में हुई है।
उसकी निशानदेही पर चोरी की गई सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी HP17E-2855 भी बरामद कर ली गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सेलाकुई स्थित एक औद्योगिक संस्थान में मजदूरी करता है। बढ़ते खर्चों और महंगे शौकों को पूरा करने के लिए उसने स्कूटी चोरी की थी।
वह चोरी की गई स्कूटी को बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के सफल खुलासे पर स्थानीय लोगों ने सेलाकुई पुलिस की तत्परता की सराहना की है।