जौनसार-बावर क्षेत्र में यमुना और टोंस नदी से होने वाले कटाव एवं बाढ़ की समस्या को लेकर भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की विशेष आमंत्रित सदस्य,
बचना शर्मा ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को ज्ञापन सौंपकर तटबंध, रिटेनिंग वॉल (सुरक्षा दीवार) तथा चेक डैम निर्माण की मांग की है।
ज्ञापन में बचना शर्मा ने कहा कि चकराता, कालसी और लाखामंडल क्षेत्र के यमुना व टोंस नदी किनारे बसे कई गांव हर वर्ष बरसात के दौरान नदी कटाव और बाढ़ से प्रभावित होते हैं।
उन्होंने बताया कि लाखामंडल, सेरा, धौरा, पुड़िया, पंखेत, चायामा, गाता, कुन्ना, मुंउडा, कांडोई, मोउठीं, छुल्टाड़, गोढ़ाड़, कांडी, मुनोग, लावड़ी, दधरोटा,
नाडा, गंधसार, राडकोटी और मिगाड़ सहित अनेक गांवों की सैकड़ों बीघा उपजाऊ कृषि भूमि हर साल नदी में समा जाती है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में मजबूत तटबंध, बाढ़ सुरक्षा दीवारें और चेक डैम बनाए जाएं, ताकि किसानों की भूमि और आजीविका को सुरक्षित रखा जा सके।
भाजपा नेत्री के अनुसार, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए उसे सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता को अग्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि जल्द ही विभागीय टीम क्षेत्र का सर्वेक्षण कर प्रस्ताव तैयार करेगी।
इस पहल से क्षेत्र के किसानों में उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि तटबंध और सुरक्षा कार्य समय पर हो जाते हैं तो बरसात के दौरान होने वाले नुकसान में काफी कमी आएगी।
बचना शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित विभिन्न किसान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने इस मांग पर त्वरित संज्ञान लेने के लिए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही जौनसार-बावर क्षेत्र के किसानों को इस समस्या से राहत मिलेगी।