उत्तराखंड शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई पुलिस अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियों के आदेश जारी किए हैं।
इस फेरबदल के तहत विभिन्न जिलों और इकाइयों में तैनात अपर पुलिस अधीक्षकों (एएसपी) को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शासन के इस निर्णय को पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा सुचारु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जारी आदेशों के अनुसार देहरादून में तैनात एएसपी प्रमोद कुमार का तबादला कर उन्हें रुद्रपुर भेजा गया है।
वहीं सतर्कता सेक्टर से स्थानांतरित होकर स्वतंत्र कुमार सिंह को एएसपी देहात-2, देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में हल्द्वानी में तैनात मनोज कत्याल को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में तैनाती दी गई है।
वहीं उधमसिंहनगर से स्थानांतरित होकर उत्तम सिंह नेगी को एएसपी सतर्कता सेक्टर देहरादून बनाया गया है।
नैनीताल जिले में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। हरबन्स सिंह को एएसपी हल्द्वानी की जिम्मेदारी दी गई है।
उनका तबादला अल्मोड़ा से किया गया है। दूसरी ओर हरिद्वार देहात में तैनात शेखर चंद्र सुयाल को देहरादून नगर भेजा गया है।
महिला अधिकारी अनूपा बडोला को एएसपी अपराध एवं यातायात उधमसिंहनगर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वे इससे पहले एटीसी हरिद्वार में तैनात थीं। वहीं नैनीताल से स्थानांतरित होकर अमित कुमार को एएसपी टिहरी बनाया गया है।
शासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार राजेश कुमार मट्ट को एएसपी पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है,
जबकि मिथिलेश कुमार सिंह को एएसपी सतर्कता के पद पर तैनात किया गया है।
हरिद्वार जिले में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। अभय सिंह को एएसपी हरिद्वार ग्रामीण बनाया गया है, जबकि दीपक सिंह को एएसपी हरिद्वार नगर की कमान सौंपी गई है।
पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद-
पुलिस विभाग में किए गए इन तबादलों को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विभिन्न जिलों और इकाइयों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण,
यातायात प्रबंधन और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार आगामी त्योहारों, चारधाम यात्रा और विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों को देखते हुए पुलिस तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।