मेरा युवा भारत, चमोली के तत्वावधान में राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान, गोपेश्वर में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में संस्थान के लगभग 200 युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इसका उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदाता जागरूकता, निर्वाचन प्रक्रिया तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान मेरा युवा भारत, चमोली की स्वयंसेविका पार्वती ने ‘आपका वोट, आपकी आवाज’ अभियान के अंतर्गत विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में युवाओं को विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से संचालित की जाने वाली महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।
इसके माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को नियमानुसार सुधारने का कार्य किया जाता है।
उन्होंने युवाओं को बताया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का सही एवं अद्यतन होना आवश्यक है।
प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहना चाहिए और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की जानकारी अवश्य प्राप्त करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है।
युवाओं की जागरूकता और सक्रिय सहभागिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर उपस्थित युवाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए मतदान की शपथ दिलाई गई।
युवाओं ने लोकतंत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और अन्य नागरिकों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान के डीन डॉ. अरविंद गोस्वामी एवं डायरेक्टर स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. अभिषेक अग्रवाल उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त प्रोफेसर सौरभ कुंवर, प्रोफेसर प्रदीप चंद्र एवं प्रोफेसर आकांक्षा चौधरी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
अतिथियों ने अपने संबोधन में युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने,
अपने मताधिकार का महत्व समझने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में उनकी भूमिका अहम है।
जागरूक युवा ही सशक्त, जिम्मेदार एवं सहभागी लोकतंत्र की नींव मजबूत कर सकते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, चमोली के जिला युवा अधिकारी के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों गौरव नेगी,
बबीता रावत, देवेश्वरी तथा कार्यालय सहायक राजेंद्र प्रसाद के सहयोग से किया गया।
सभी आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को एसआईआर एवं मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया से अवगत कराने के साथ-साथ लोकतांत्रिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति उनकी जिम्मेदारी का बोध कराया गया।
अंत में युवाओं से आह्वान किया गया कि वे स्वयं जागरूक मतदाता बनें तथा अपने परिवार,
मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी मतदाता जागरूकता अभियान से जोड़ें।
मेरा युवा भारत, चमोली की यह पहल युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही।