देहरादून पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वयं को “किंग ऑफ उत्तराखंड” कहने वाले कुख्यात आरोपी,
जगजीत उर्फ जग्गा और उसके गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
ऋषिकेश पुलिस ने गिरोह के सरगना जगजीत उर्फ जग्गा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार जगजीत उर्फ जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में एक संगठित गिरोह संचालित करता था।
यह गिरोह भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर पक्षकारों को डराने-धमकाने, जबरन समझौता कराने,
अवैध वसूली करने तथा ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों में संलिप्त था।
आरोप है कि गिरोह लोगों की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनसे धन उगाही करता था।
इसके अलावा घरों में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने जैसी घटनाओं को भी अंजाम देता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने अपने प्रभाव और आतंक का ऐसा माहौल बना रखा था,
कि स्थानीय लोग इनके खिलाफ शिकायत करने से भी डरते थे। गिरोह के सरगना जगजीत उर्फ जग्गा और उसके साथियों के विरुद्ध वर्ष 2016 से 2026 के बीच गंभीर अपराधों से जुड़े 11 मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गिरोह की आपराधिक गतिविधियों का विस्तृत परीक्षण किया गया।
आमजन में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न होने तथा लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने के बाद,
आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई।
सक्षम न्यायालय से अनुमोदन मिलने के बाद कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 405/2026, धारा 2(ख)(i), 2(ख)(iii)/3 गिरोहबंद,
एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा, प्रणव उर्फ राघव बत्रा तथा दीपेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और निशानदेही पर पुलिस ने जगजीत के घर से “KING OF उत्तराखण्ड” लिखा बोर्ड भी बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी इस बोर्ड और अपनी छवि का इस्तेमाल कर लोगों को भयभीत करता था तथा अपने प्रभाव का प्रदर्शन कर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था।
गिरफ्तार आरोपी- जगजीत उर्फ जग्गा पुत्र हरविन्द्र सिंह, निवासी मायाकुंड, चन्द्रेश्वर मार्ग, ऋषिकेश (गैंग लीडर)
– प्रणव उर्फ राघव बत्रा पुत्र स्व. अश्वनी बत्रा, निवासी सोमेश्वर नगर, ऋषिकेश (गैंग सदस्य)
– दीपेश कुमार पुत्र स्व. चरण नाथ, निवासी कृष्णानगर कॉलोनी, आईडीपीएल के निकट, ऋषिकेश (गैंग सदस्य)
वांछित आरोपी- रवि गुप्ता पुत्र सुरेश चन्द्र गुप्ता, निवासी शिवाजी नगर, ऋषिकेश।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी रवि गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध और समाज में भय का वातावरण बनाने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।