Headlines

Triple Murder :- दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर से दहला देहरादून, प्लंबर ने पेचकस से बुजुर्ग दंपति समेत तीन को मारा

देहरादून 07 अक्टूबर 2026।

रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े हुए ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

एक घर में प्लंबिंग का काम करने पहुंचे युवक ने कथित तौर पर किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद बुजुर्ग दंपति और उनकी घरेलू सहायिका पर पेचकस से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को पड़ोसियों और स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

मृतकों की पहचान रमेश कपूर, उनकी पत्नी रजनी कपूर और घरेलू सहायिका शीला के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, रमेश कपूर बीएचईएल से सेवानिवृत्त थे।

प्लंबिंग के काम के लिए बुलाया था

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि हिरासत में लिया गया युवक प्लंबर का काम करता है और कपूर दंपति से पहले से परिचित था।

बताया जा रहा है कि प्लंबिंग से संबंधित काम के लिए उसे कपूर दंपति ने घर बुलाया था।

काम पूरा होने के बाद किसी बात को लेकर युवक और कपूर दंपति के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने पेचकस से रमेश कपूर और उनकी पत्नी रजनी कपूर पर हमला कर दिया।

इस दौरान घर में मौजूद घरेलू सहायिका शीला भी हमले की चपेट में आ गई।

शोर सुनकर बाहर निकले पड़ोसी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे कपूर दंपति के घर से अचानक शोर-शराबे की आवाजें आने लगीं।

आवाज सुनकर आसपास के लोग घर के बाहर पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने एक युवक को घरेलू सहायिका पर पेचकस से हमला करते हुए देखा।

लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी मौके से भागने लगा।

आरोपी को भागता देख स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।

इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही बिगड़ी हालत

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

एक ही घर में तीन लोगों की हत्या की खबर फैलते ही आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

पुलिस ने मौके से हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।

हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसको लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और आरोपी से पूछताछ के आधार पर वारदात की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

एसएसपी ने कहा- हर पहलू से हो रही जांच

एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि विष्णु लोक कॉलोनी में बुजुर्ग दंपति की हत्या की सूचना मिली थी।

घर में काम करने वाली महिला पर भी पेचकस से हमला किया गया था। तीनों को अस्पताल ले जाया गया,

जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक रमेश कपूर बीएचईएल से सेवानिवृत्त थे।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:   Destroyed:- चमोली के रामपुर-तोरती में 90 नाली अवैध भांग की खेती नष्ट, अब तक 160 नाली साफ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *