Headlines

Show :- इंस्टाग्राम पर हीरे का हार दिखाना पड़ा भारी, एक साल पुरानी 10 लाख की चोरी का राज खुला

देहरादून 3 जुलाई 2026।

देहरादून के राजपुर थाना पुलिस ने करीब एक वर्ष पूर्व हुई लगभग 10 लाख रुपये के हीरे और सोने के आभूषणों की चोरी का खुलासा करते हुए घरेलू सहायिका को गिरफ्तार किया है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी महिला ने इंस्टाग्राम पर चोरी किए गए हीरे के हार को पहनकर अपनी तस्वीर साझा कर दी।

इसी तस्वीर के आधार पर पीड़िता को शक हुआ और पुलिस तक मामला पहुंचा।

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को सिक्का किमाया ग्रीन, आईटी पार्क निवासी नितिशा वत्स ने थाना राजपुर में तहरीर देकर बताया कि,

करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के कीमती आभूषण गायब हो गए थे।

उस समय उन्हें लगा था कि शायद उन्होंने गहने किसी रिश्तेदार को दिए हैं या कहीं रखकर भूल गई हैं, इसलिए चोरी का संदेह नहीं हुआ।

कुछ दिन पहले एक परिचित ने उन्हें बताया कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हीरे का हार पहनकर फोटो पोस्ट की है।

फोटो देखने पर नितिशा वत्स को विश्वास हो गया कि यह वही हार है जो उनके घर से गायब हुआ था। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार को जोहड़ी रोड से आरोपी विमला को गिरफ्तार कर लिया।

उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए हीरे और सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए गए।

पूछताछ में आरोपी विमला ने बताया कि वह पीड़िता के घर घरेलू सहायिका का काम करती थी।

उसने घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषण कई बार देखे थे, जिसके बाद उसके मन में चोरी का लालच आ गया।

मौका मिलते ही उसने लॉकर से हीरे और सोने के आभूषण चुरा लिए।

बाद में उसने पीड़िता को भरोसा दिलाया कि संभवतः उन्होंने गहने कहीं और रख दिए होंगे या किसी रिश्तेदार को दे दिए होंगे, जिससे उस पर किसी को शक नहीं हुआ।

आरोपी ने यह भी बताया कि उसने चोरी के गहने बेचने की कई बार कोशिश की, लेकिन महंगे हीरे और सोने के आभूषण होने के कारण उन्हें बेचने में सफल नहीं हो सकी।

आखिरकार इंस्टाग्राम पर डाली गई तस्वीर ही उसके पकड़े जाने का कारण बन गई।

गिरफ्तार आरोपी विमला (34 वर्ष), पत्नी रंजीत मूल निवासी: ग्राम चकगामा,

थाना पसीगमा, जनपद लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) वर्तमान पता: बापू नगर, जाखन, देहरादून।

बरामद सामान

1 हीरे का हार,1 सोने का लॉकेट,2 सोने की अंगूठियां,1 सोने का पेंडेंट,1 ओप्पो मोबाइल फोन

बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

घटना के सफल अनावरण पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

ये भी पढ़ें:   Question:- राजस्थान के 500 साल पुराने मंदिर में 22.78 करोड़ के कथित चढ़ावा गबन का मामला, अयोध्या और बद्रीनाथ के बाद फिर उठे मंदिर प्रबंधन पर सवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *