देहरादून के मोहोबेवाला चौक के पास गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
ईंटों से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर ग्राफिक एरा हॉस्टल की बाहरी दीवार तोड़ते हुए परिसर के अंदर घुस गया।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक मोहोबेवाला चौक से गुजर रहा था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
देखते ही देखते ट्रक सड़क किनारे स्थित ग्राफिक एरा हॉस्टल की दीवार को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा।
हादसे में हॉस्टल की दीवार को काफी नुकसान पहुंचा है।
गनीमत यह रही कि जिस समय यह दुर्घटना हुई, उस दौरान दीवार के आसपास कोई छात्र या राहगीर मौजूद नहीं था।
इसी कारण एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को हटाने और यातायात व्यवस्था सुचारु करने की कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है,
फिलहाल इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना ने एक बार फिर मोहोबेवाला चौक की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।