उत्तराखंड में मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत,
सोमवार को सचिवालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी. आर. सी. पुरुषोत्तम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को गणना फॉर्म सौंपा।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को अधिक सटीक,
पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत प्रदेश के सभी पात्र मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे,
जिनके माध्यम से मतदाता विवरण का सत्यापन और अद्यतन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आगामी 7 जुलाई तक चलने वाले इस एक माह के अभियान के दौरान बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना फॉर्म प्राप्त करेंगे।
प्राप्त फॉर्मों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज कर निर्वाचन आयोग के डेटाबेस में अपडेट किया जाएगा, जिससे मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने और समय पर अपने विवरण उपलब्ध कराने की अपील की।
इस अवसर पर सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।