देहरादून नगर निगम शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा मानसून के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है।
नगर निगम द्वारा गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का शुभारंभ 3 जुलाई को नगर निगम परिसर में किया जाएगा।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास एवं आवास मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक खजान दास, महापौर सौरभ थपलियाल,
नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
नगर निगम ने पूरे शहर के 100 वार्डों को पांच जोनों में विभाजित कर प्रत्येक जोन के लिए एक समर्पित क्विक रिस्पॉन्स टीम का गठन किया है।
आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित कार्मिकों से लैस ये टीमें स्वच्छता संबंधी शिकायतों,ठोस अपशिष्ट प्रबंधन,कूड़ा उठान,
नालों एवं सीवर लाइनों में अवरोध, जलभराव, सड़कों पर मलबा हटाने तथा पेड़ों और शाखाओं के गिरने जैसी आपात स्थितियों में तत्काल कार्रवाई करेंगी।
नगर निगम के अनुसार, QRT नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करेगी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाएगी।
नगर निगम का कहना है कि यह पहल केवल मानसून के दौरान राहत पहुंचाने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि शहर में त्वरित जनसेवा की नई कार्यसंस्कृति विकसित करेगी।
इससे देहरादून को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।