Headlines

Subsidy:- LPG सब्सिडी खत्म नहीं हुई, बदला नियम: आधार बायोमेट्रिक सत्यापन के बिना नहीं मिलेगा सब्सिडी वाला रिफिल

 नई दिल्ली 02 अक्टूबर 2026।

घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर सब्सिडी खत्म होने की खबरों के बीच केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट की है।

सभी उपभोक्ताओं के लिए LPG सब्सिडी समाप्त नहीं की गई है, बल्कि अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले घरेलू LPG रिफिल के लिए बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण (BAA) अनिवार्य कर दिया गया है।

यानी जिन उपभोक्ताओं ने अपना बायोमेट्रिक आधार सत्यापन पूरा कर लिया है, उन्हें लागू नियमों के तहत सब्सिडी का लाभ मिलता रहेगा।

किन उपभोक्ताओं पर पड़ेगा असर?

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, जिन घरेलू LPG उपभोक्ताओं ने अभी तक बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण पूरा नहीं किया है,

उन्हें सब्सिडी के साथ विनियमित खुदरा बिक्री मूल्य (RSP) पर रिफिल बुक करने के लिए पहले प्रमाणीकरण पूरा करना होगा।

सत्यापन पूरा होने के बाद सब्सिडी वाले रिफिल की बुकिंग फिर शुरू हो जाएगी।

सरकार के अनुसार 19 सितंबर 2026 तक 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता,

यानी करीब 89.9 प्रतिशत, बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण पूरा कर चुके थे। इन उपभोक्ताओं को दोबारा सत्यापन कराने की आवश्यकता नहीं है।

घर बैठे भी पूरा हो सकता है e-KYC

उपभोक्ता बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण कई माध्यमों से पूरा कर सकते हैं।

LPG सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मी के माध्यम से, संबंधित गैस वितरक के कार्यालय में या संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल ऐप के जरिए यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

इंडेन उपभोक्ता IndianOil ONE, भारत गैस उपभोक्ता HelloBPCL और HP गैस उपभोक्ता HP PAY ऐप के माध्यम से भी प्रमाणीकरण कर सकते हैं।

e-KYC नहीं कराने पर क्या होगा?

सरकार के मुताबिक LPG की आपूर्ति पूरी तरह बंद नहीं की गई है। हालांकि, जो उपभोक्ता बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण नहीं कराते हैं,

उन्हें सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए बाजार मूल्य पर LPG उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी बताई गई है,

जिसमें स्थानीय उपलब्धता के आधार पर 5 या 10 किलोग्राम के सिलेंडर शामिल हैं।

सितंबर में करीब 210 रुपये की निहित सब्सिडी

पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार सितंबर 2026 में 14.2 किलोग्राम के घरेलू LPG सिलेंडर पर निहित सब्सिडी करीब 210 रुपये प्रति सिलेंडर थी।

जून 2026 में यह राशि करीब 721 रुपये प्रति सिलेंडर तक पहुंची थी। सरकार ने कहा है कि,

सब्सिडी को वास्तविक और पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए आधार प्रमाणीकरण आवश्यक किया गया है।

एक अक्टूबर से घरेलू सिलेंडर की कीमत बढ़ी नहीं

यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि 1 अक्टूबर से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की खुदरा कीमत में बदलाव नहीं किया गया,

जबकि 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी हुई है।

उपभोक्ताओं के लिए जरूरी बात

इसलिए सोशल मीडिया पर चल रही “आज से सभी LPG सिलेंडरों की सब्सिडी खत्म” जैसी खबर को सही नहीं माना जा सकता।

सही स्थिति यह है कि सब्सिडी जारी है, लेकिन सब्सिडी वाले घरेलू रिफिल के लिए बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण जरूरी कर दिया गया है।

जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही BAA पूरा कर लिया है, उन्हें सामान्य रूप से लाभ मिलता रहेगा।

LPG सेवाओं से संबंधित सहायता के लिए मंत्रालय ने 1800-2333-555 टोल-फ्री हेल्पलाइन भी उपलब्ध कराई है।

ये भी पढ़ें:   Simplicity:- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती आज, सत्य-अहिंसा और सादगी के आदर्शों को नमन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *