प्रातः लगभग 08:30 बजे डीसीआर टिहरी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि तोताघाटी के समीप एक बस दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई है।
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग, पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा एवं एसडीआरएफ की टीम के निरीक्षक कवीन्द्र सजवान के नेतृत्व में एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला एवं ब्यासी की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि बद्रीनाथ से ऋषिकेश की ओर आ रही चारधाम यात्रा बस संख्या UK04 PA 0418 सड़क पर ही पलट गई थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के ब्रेक फेल होने के कारण यह दुर्घटना हुई। बस में कुल 39 यात्री सवार थे।
दुर्घटना में 03 से 04 यात्रियों को सामान्य चोटें आईं, जिन्हें 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार हेतु ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। शेष सभी यात्री सुरक्षित हैं।
एस डी आर एफ टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया तथा स्थानीय प्रशासन एवं अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता प्रदान की गई।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।