सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून के तत्वावधान में आयोजित 11वें सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 बॉयज़ इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के तीसरे दिन लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए।
अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का उत्कृष्ट परिचय दिया। दिनभर खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांचक फुटबॉल देखने को मिली।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के 10 अग्रणी विद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं। इनमें द दून स्कूल (देहरादून),
वेलहम बॉयज़ स्कूल (देहरादून), बिशप कॉटन स्कूल (शिमला, हिमाचल प्रदेश), द सागर स्कूल (अलवर, राजस्थान), आर्मी पब्लिक स्कूल (डगशाई, हिमाचल प्रदेश),
कसीगा स्कूल (देहरादून), जीआरडी वर्ल्ड स्कूल (देहरादून), द एशियन स्कूल (देहरादून), इंडियन पब्लिक स्कूल (देहरादून) तथा मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल (देहरादून) शामिल हैं।
तीसरे दिन के मुकाबलों के परिणाम
पहला लीग मुकाबला:
पहले मुकाबले में मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून का सामना वेलहम बॉयज़ स्कूल, देहरादून से हुआ।
सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 3-0 से अपने नाम किया। टीम की ओर से अश्विन, शंकर और आदित्य ने एक-एक गोल किया।
दूसरा लीग मुकाबला:
दूसरे मुकाबले में द दून स्कूल, देहरादून और आर्मी पब्लिक स्कूल, डगशाई, हिमाचल प्रदेश की टीमें आमने-सामने रहीं।
द दून स्कूल ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत दर्ज की। टीम की ओर से राहुल, सुशील और अभिषेक ने एक-एक गोल किया।
तीसरा लीग मुकाबला:
तीसरे मुकाबले में द सागर स्कूल, अलवर (राजस्थान) और वेलहम बॉयज़ स्कूल, देहरादून के बीच कड़ा मुकाबला हुआ।
दोनों टीमों ने शानदार रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला।
चौथा लीग मुकाबला:
चौथे मुकाबले में सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून का सामना इंडियन पब्लिक स्कूल, देहरादून से हुआ।
मेजबान टीम ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 3-0 से जीत लिया। सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल की ओर से अश्विन, रहयान और टाइरोन ने एक-एक गोल किया।
अनुभवी रेफरी पैनल की निगरानी में हो रहे मुकाबले
टूर्नामेंट के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए उत्तराखंड के प्रसिद्ध पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी,
वरिष्ठ रेफरी एवं अंतरराष्ट्रीय कोच डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
उनके नेतृत्व में रेफरी पैनल में भूपाल सिंह नेगी (रामनगर, नैनीताल), मनोज नेगी, रोशन चंद, हर्षित चौहान,
वरुण चौहान, हिमांशु प्रजापति तथा विमल सिंह रावत (देहरादून) अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, खेल कौशल को निखारने,
तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है।
साथ ही, टूर्नामेंट विद्यालयी फुटबॉल के विकास, खेल भावना के संवर्धन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।