उत्तराखंड में मौसम का मिजाज फिलहाल बिगड़ा हुआ है और अगले 24 घंटे कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बुधवार के लिए देहरादून और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय मानसूनी गतिविधियों के चलते आगामी 6 अगस्त तक देहरादून,
चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल, चंपावत और नैनीताल सहित पर्वतीय जिलों के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
इसे देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि भारी वर्षा के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने,
सड़कें बाधित होने तथा नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की स्थिति बन सकती है।
ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने आम जनता से अपील की है कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें,
नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें तथा जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करें।
संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर लगातार नजर रखने की भी सलाह दी गई है।