राजपुर थाना पुलिस ने वाहन किराए पर लगाने और वाहन बेचने के नाम पर धोखाधड़ी के दो मामलों में वांछित चल रहे आरोपी को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है।
आरोपी पर करीब 45 लाख रुपये की रकम हड़पने और वाहन वापस नहीं करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को सीएससी सेंटर, लुधियाना से गिरफ़्तार किया।
पुलिस के अनुसार, रिंग रोड, रायपुर निवासी अनिल कुमार ने 13 मार्च 2026 को थाना राजपुर में लिखित शिकायत दी थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी आदर्श वीर धवन ने वादी और उसके साथियों से वाहन किराए पर लिए थे।
आरोपी ने भरोसा दिलाया था कि वह इन वाहनों को आगे किराए पर लगाएगा। इसी विश्वास में वादी और उसके साथियों से करीब 45 लाख रुपये लिए गए।
शिकायत के मुताबिक, काफी समय बीतने के बाद भी आरोपी ने न तो वाहन वापस किए और न ही रकम लौटाई।
जब वादी ने अपने पैसे और वाहन वापस मांगे तो आरोपी पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
मामले में थाना राजपुर में मु0अ0सं0 50/2026, धारा 316(2)/351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं, 16 जुलाई 26 को यातायात पुलिस कार्यालय देहरादून से जुड़े देवकुश ने थाना राजपुर में दूसरी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अपनी क्रेटा कार उन्हें बेचने की बात कही थी।
इसके एवज में शिकायतकर्ता ने आरोपी को 9.50 लाख रुपये दिए, लेकिन बाद में आरोपी ने न तो वाहन शिकायतकर्ता के नाम पर पंजीकृत कराया और न ही रकम वापस की।
इस मामले में थाना राजपुर में मु0अ0सं0 158/2026, धारा 316(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद राजपुर पुलिस ने मामले में साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
आरोपी के लगातार फरार रहने पर पुलिस ने न्यायालय से उसके गिरफ्तारी वारंट भी प्राप्त किए।
पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और सुरागरसी-पतारसी के माध्यम से आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई।
प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार 16 अगस्त 26 को कार्रवाई करते हुए आरोपी आदर्श वीर धवन को सीएससी सेंटर, लुधियाना, पंजाब से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी आदर्श वीर धवन, पुत्र जुगल किशोर धवन, निवासी नई बस्ती, विवेक विहार, राजपुर, देहरादून, उम्र करीब 40 वर्ष।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दर्ज दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।