नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने शुक्रवार को केंद्रीय श्रम एवं रोजगार,
तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया के आवास पर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों के साथ-साथ श्रम एवं रोजगार, युवा कल्याण और खेलों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर आत्मीय एवं सार्थक चर्चा हुई।
भेंट के दौरान सांसद अजय भट्ट ने अपने लोकसभा क्षेत्र सहित उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न विषयों को भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा।
विशेष रूप से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, कौशल विकास को प्रोत्साहित करने तथा खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
अजय भट्ट ने कहा कि देश के युवाओं को रोजगार, कौशल और खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
वहीं, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के साथ हुई इस मुलाकात को अजय भट्ट ने आत्मीय और सकारात्मक बताया।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्तर पर उत्तराखंड और विशेष रूप से नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से जुड़े विकास,
एवं जनहित के विषयों को प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता है।
दोनों नेताओं के बीच हुई इस महत्वपूर्ण मुलाकात को उत्तराखंड के युवाओं, रोजगार और खेल प्रतिभाओं से जुड़े विषयों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों के साथ समन्वय से आने वाले समय में इन क्षेत्रों में नए अवसरों और योजनाओं को गति मिल सकती है।