Headlines

All Safe :- गंगोत्री हाईवे पर टेंपो ट्रेवलर पलटी, गुजरात के 17 यात्री सवार, सभी सुरक्षित

उत्तरकाशी 23 अगस्त 2026।

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया।

उत्तरकाशी जिले के सोनगाड़ क्षेत्र के पास गुजरात से आए तीर्थयात्रियों को लेकर जा रहा,

एक टेंपो ट्रेवलर वाहन अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

वाहन में कुल 17 यात्री सवार थे। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुजरात के श्रद्धालुओं का दल गंगोत्री धाम की यात्रा पर निकला था।

रविवार को उनका टेंपो ट्रेवलर गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान सोनगाड़ के समीप वाहन के ब्रेक अचानक फेल हो गए,

जिससे चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को गहरी खाई में गिरने से बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन सड़क किनारे पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

घटना की सूचना पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को दी गई।

सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा की टीम मौके पर पहुंची और घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।

बाद में उन्हें आगे के उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण के लिए गंगनानी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं और किसी के भी गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

पुलिस और प्रशासन की टीमों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। तकनीकी जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

गनीमत रही कि हादसा ऐसे स्थान पर हुआ जहां वाहन सड़क किनारे पलटा।

यदि वाहन खाई की ओर चला जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने चालक की सतर्कता और त्वरित बचाव कार्य की सराहना की।

चारधाम यात्रा मार्ग पर लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव के बीच जिला प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने,

और वाहन संचालकों से यात्रा से पहले वाहनों की तकनीकी जांच कराने की अपील कर रहा है।

फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और प्रशासन उनकी सहायता में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *