Headlines

Congratulations:- तीरथ सिंह रावत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने पर देहरादून में भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ किया अभिनंदन

देहरादून 20 अगस्त 2026।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर गुरुवार को भाजपा महानगर कार्यालय देहरादून में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच तीरथ सिंह रावत का जोरदार स्वागत किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह-

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि तीरथ सिंह रावत को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का दायित्व मिलना पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि तीरथ सिंह रावत का संगठन के प्रति समर्पण, सरल एवं सहज व्यक्तित्व तथा लंबे राजनीतिक और सामाजिक अनुभव पार्टी के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहे हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।

गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताते हुए कहा कि,

केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड को अपनी राष्ट्रीय टीम में महत्वपूर्ण स्थान देकर प्रदेश का सम्मान बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि तीरथ सिंह रावत के अनुभव और संगठनात्मक कार्यशैली का लाभ पार्टी को मिलेगा और वर्ष 2027 में भाजपा प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ेगी।

‘संगठन ने जो विश्वास जताया, उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा’

नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने स्वागत और अभिनंदन के लिए सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा में सभी कार्यकर्ता समान हैं। किसी कार्यकर्ता के पास मंडल की जिम्मेदारी है तो किसी के पास केंद्र की, लेकिन सभी का उद्देश्य राष्ट्र और संगठन की सेवा करना है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

तीरथ सिंह रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।

उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा में राष्ट्र सर्वोपरि है और सभी कार्यकर्ताओं को इसी भावना के साथ काम करना चाहिए।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान

तीरथ सिंह रावत ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र को सर्वोपरि मानते हुए अपने पद और व्यक्तिगत हितों से ऊपर राष्ट्रहित को रखा।

उनके जीवन और विचारों से सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करना है और भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ना है।

उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें समय-समय पर जो भी जिम्मेदारी दी, उसे सेवा और समर्पण की भावना से निभाने का उन्होंने प्रयास किया है।

अब केंद्र नेतृत्व द्वारा सौंपी गई नई जिम्मेदारी को भी वह पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे।

दीनदयाल उपाध्याय एवं शहीद स्मारक पर किया नमन

स्वागत कार्यक्रम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल सहित पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें कोटि-कोटि नमन किया।

महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने भी तीरथ सिंह रावत को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उत्तराखंड के भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह और मनोबल बढ़ा है।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में दर्जाधारी मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला, विनोद उनियाल, कुलदीप बुटोला, भगवत प्रसाद मकवाना, महानगर उपाध्यक्ष राजेंद्र ढिल्लों, संध्या थापा, संकेत नौटियाल,

राजेश कंबोज, सुनील शर्मा, ओम कक्कड़, महानगर महामंत्री बिजेंद्र थपलियाल, संदीप मुखर्जी, महानगर मंत्री मोहित शर्मा, जगदीश सेमवाल,

समीर डोभाल, विनोद शर्मा, प्रदीप कुमार, मोतीराम, विपिन खंडूड़ी, संदीप बिजल्वाण, महिपाल, श्रेय नौटियाल सहित सभी मंडल अध्यक्ष, पार्षद एवं सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और तीरथ सिंह रावत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने को उत्तराखंड भाजपा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

ये भी पढ़ें:   Organizational Meeting:- मुख्यमंत्री धामी ने पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों की ली संगठनात्मक बैठक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *