Headlines

Shop of Love :- भाजपा के ‘नफरत के बाजार’ को बंद कर राहुल गांधी खोल रहे हैं ‘मोहब्बत की दुकान’- गोदियाल

देहरादून 10 सितंबर 2026।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा हल्द्वानी में राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

उन्होंने भाजपा पर देश में नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी देश को जोड़ने और सामाजिक सौहार्द मजबूत करने की मुहिम चला रहे हैं,

जबकि भाजपा समाज को बांटने का काम कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि धर्म, जाति और संप्रदाय के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा के नेताओं को कांग्रेस और राहुल गांधी पर आरोप लगाने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की धरती पर आकर विभाजनकारी बयानबाजी करना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे प्रदेश का शांतिपूर्ण माहौल प्रभावित हो सकता है।

गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी ने देश में बढ़ती नफरत और सामाजिक विभाजन के खिलाफ कन्याकुमारी से कश्मीर तथा मणिपुर से मुंबई तक लंबी यात्राएं कर देश को जोड़ने का संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति प्रेम, भाईचारे और सामाजिक न्याय पर आधारित है।

यही कारण है कि वे ‘मोहब्बत की दुकान’ खोलने की बात करते हैं, जबकि भाजपा नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति को बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी पिछड़े, दलित, आदिवासी और वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाने के लिए जातिगत जनगणना की मांग उठाते हैं,

तब भाजपा इसे समाज को बांटने का प्रयास बताती है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा नहीं चाहती कि देश के गरीब और वंचित वर्गों को उनकी वास्तविक हिस्सेदारी और अधिकार मिलें।

डबल इंजन सरकार पर साधा निशाना

गणेश गोदियाल ने भाजपा और राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।

प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे संवेदनशील मामले में भी जनता अब तक न्याय की प्रतीक्षा कर रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष का आरोप है कि इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब देने के बजाय भाजपा के नेता केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में लगे हुए हैं और जनता का ध्यान असली समस्याओं से हटाने का प्रयास कर रहे हैं।

जनता अब झांसे में नहीं आने वाली: गोदियाल,

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता राजनीतिक वास्तविकताओं को समझ चुकी है और अब केवल भाषणों से प्रभावित होने वाली नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी आज देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों की आवाज बनकर उभरे हैं तथा उनकी देश जोड़ो मुहिम को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।

गोदियाल ने भाजपा नेतृत्व को सलाह देते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सामाजिक सद्भावना और शांतिपूर्ण वातावरण को राजनीतिक लाभ के लिए प्रभावित करने से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास, रोजगार, शिक्षा और न्याय जैसे मुद्दों पर जवाब चाहती है, न कि राजनीतिक ध्रुवीकरण।

कांग्रेस ने उठाए कई सवाल-

कांग्रेस ने भाजपा नेतृत्व से प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं की सुरक्षा, पलायन और अंकिता भंडारी प्रकरण जैसे मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की है।

पार्टी का कहना है कि जनता के सरोकारों से जुड़े इन सवालों पर चर्चा करने के बजाय भाजपा विपक्ष पर हमले कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस ने दोहराया कि वह सामाजिक न्याय, समान अवसर और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी,

तथा भाजपा की कथित विभाजनकारी राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करती रहेगी।

ये भी पढ़ें:   Review:- डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति की समीक्षा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *