Headlines

Kapat Open:-श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खुले, कल खुलेंगे बद्रीनाथ धाम के कपाट

रुद्रप्रयाग 22 अप्रैल 2026।

आस्था और श्रद्धा के प्रतीक विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज बुधवार सुबह ठीक 8:00 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

कपाट खुलते ही हर-हर महादेव के जयकारों से धाम गूंज उठा और केदारनाथ यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया।

कल बृहस्पतिवार को श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट भी खोले जाएंगे।

पावन अवसर पर सीएम धामी रहे मौजूद

कपाट खुलने के इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ धाम पहुंचे।

उन्होंने परंपरानुसार धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना में भाग लिया। सीएम धामी ने पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की और देश-प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की।

श्रद्धालुओं में दिखा गजब का उत्साह

कपाट खुलने को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे और कड़ाके की ठंड के बावजूद बाबा केदार के दर्शन के लिए कतारों में खड़े रहे।

श्रद्धालुओं ने कपाट खुलने के साक्षी बनने को जीवन का सौभाग्य बताया।

जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने श्रद्धालुओं की सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं:

• यातायात और सड़क: सड़कों की मरम्मत पूरी कर यातायात को सुचारू किया गया है।

• पैदल मार्ग पर सुविधाएं: पूरे पैदल मार्ग पर शौचालय, रात्रि आवास, खान-पान और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था।

• बिजली-पानी: विद्युत और सोलर लाइट की समुचित व्यवस्था के साथ गर्म पानी की सुविधा।

• स्वास्थ्य सुविधा: प्रत्येक दो किलोमीटर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा सहायता केंद्र एमआरपी स्थापित किए गए हैं।

• स्वच्छता: धाम और पैदल मार्ग पर स्वच्छता पर विशेष ध्यान। आधुनिक शौचालयों की व्यवस्था की गई है।

• सुरक्षा: पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद। यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा प्रबंध।

श्रद्धालुओं ने की व्यवस्थाओं की सराहना देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने यात्रा व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।

श्रद्धालुओं ने स्वच्छता, सुविधाओं और बेहतर प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग की सराहना की और कहा कि इस बार व्यवस्थाएं पिछले वर्षों से बेहतर हैं।

चारधाम यात्रा के दो प्रमुख धामों में से एक के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड में आध्यात्मिक पर्यटन का सबसे बड़ा सीजन शुरू हो गया है।

ये भी पढ़ें:   Horoscope:- देखिए कैसा रहेगा आपका आज का राशिफल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *